CG News : इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को फंसाया, अश्लील वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर किया ब्लैकमेल, आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवक ने युवती को अपने जाल में फंसाया और फिर अश्लील वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने लगा। मामले का खुलासा करते हुए बालोद पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पीड़िता ने बालोद थाना में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी शेख हमजा ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर उसने युवती का विश्वास जीता। इसके बाद आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान उसे बहला-फुसलाकर आपत्तिजनक स्थिति में आने के लिए उकसाया और पूरी कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली।

रिकॉर्डिंग करने के बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और पहले 990 रुपये यूपीआई के जरिए वसूले। इसके बाद उसने 50 हजार रुपये की और मांग की। रकम न देने पर आरोपी ने वीडियो के स्क्रीनशॉट और अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

मामला दर्ज, साइबर टीम ने संभाली जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए बालोद थाना में आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया।

महाराष्ट्र में दबिश, आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस टीम महाराष्ट्र के बीड जिले पहुंची, जहां अमराई बालेपीर नगर क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया आईफोन-13 मोबाइल भी जब्त किया गया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • शेख हमजा (19 वर्ष)
  • निवासी: अमराई बालेपीर नगर, थाना शिवाजी नगर, जिला बीड (महाराष्ट्र)

पुलिस की अपील

बालोद पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से अधिक नजदीकी न बढ़ाएं और निजी फोटो या वीडियो साझा करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि अश्लील सामग्री अपलोड करने वालों पर राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, इसलिए सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करें।

Exit mobile version