पिपरिया जलाशय में हादसा: दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे भिलाई के छात्र की डूबने से मौत

छुईखदान। पिपरिया जलाशय (नथेला बांध) में बुधवार सुबह दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 12वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भिलाई हाउसिंग बोर्ड निवासी आर्यन सिंह (17) के रूप में हुई है। हादसा बुधवार करीब सुबह 11 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक आर्यन अपने चार दोस्तों के साथ मोपेड और बाइक से नथेला क्षेत्र स्थित पिपरिया जलाशय घूमने पहुंचा था। चारों दोस्त फोटो खींचने में व्यस्त थे, जबकि आर्यन पानी में नहाने के लिए उतर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शी दोस्तों के अनुसार, डूबते समय आर्यन ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसके दोस्तों को तैरना नहीं आता था। लिहाजा वे उसे बचाने में असमर्थ रहे। घटना के बाद एक दोस्त ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कांटे की मदद से आर्यन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पढ़ाई में होनहार था आर्यन
परिजनों और सहपाठियों के अनुसार आर्यन पढ़ाई में काफी होनहार था और 12वीं कक्षा में एमबीवीबी स्कूल में अध्ययनरत था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के साथ उसके दोस्तों और सहपाठियों में भी शोक की लहर है।

बरसात में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं पर्यटक
नथेला क्षेत्र में बरसात के मौसम में झरना बहने के कारण बड़ी संख्या में लोग और पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में पिपरिया जलाशय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक बांध के आसपास का अधिकांश हिस्सा खुला है।

फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने जलाशय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जलाशय के आसपास तार फेंसिंग और बाउंड्रीवाल बनाई जाए। दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जाए। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जलाशय की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version