निर्माणाधीन भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हादसा, एक की मौत, 7 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

धमतरी। निर्माणाधीन भारत माला परियोजना रायपुर विशाखापटनम एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं 7 लोग घायल हुए हैं जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल भेजा। पुलिस घटना की जांच कर रही। यह हादसा मगरलोड थाना क्षेत्र के राजपुर में हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर बिना बैरिकेडिंग के मुरुम के ऊँचे ढेर छोड़ दिए गए थे, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि राजपुर मोड़ के पास एक अनियंत्रित कार खाई में जा गिरी, जिसमें 1 व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जब कि 7 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को कुरूद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुरूद जोरातराई से पटेल समाज के लोग सिहावा के बैठक में शामिल होकर सभी लोग वापस लौट रहे थे। तभी ठेकेदार की लापरवाही से हादसे के शिकार हो गए। निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर मुरुम का ढेर लगा कर सड़क को अवरूद्ध किया गया है। तुफान गाड़ी जैसे ही वहां पहुंची, चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी मुरूम के ढेर में जंप करने के बाद सीधे खाई में जा गिरी।

इस हादसे में गाड़ी मालिक मेघा निवासी सुखऊ राम पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।

Exit mobile version