गुण्डरदेही उपपंजीयक कार्यालय में अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार, अधिवक्ता संघ ने जताया विरोध

गुण्डरदेही। तहसील अधिवक्ता संघ गुण्डरदेही ने उपपंजीयक कार्यालय गुण्डरदेही में अधिवक्ता गिरीश साहू के साथ कथित अभद्र एवं अपमानजनक व्यवहार किए जाने का विरोध करते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपपंजीयक कार्यालय में कार्यरत दस्तावेज लेखक घनश्याम साहू एवं अन्य दस्तावेज लेखकों द्वारा अधिवक्ता गिरीश साहू के कार्य में हस्तक्षेप एवं अनुचित व्यवहार किए जाने संबंधी लिखित शिकायत अधिवक्ता संघ को प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विनय बंजारे के नेतृत्व में समस्त अधिवक्ता उपपंजीयक कार्यालय पहुंचे एवं उपपंजीयक अधिकारी को शिकायत आवेदन सौंपा।

इस दौरान अधिवक्तागणों ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए अधिवक्ता सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा की बात कही। अधिवक्ता संघ के आक्रोश को देखते हुए दस्तावेज लेखक घनश्याम साहू को समस्त अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, उपपंजीयक कार्यालय के अधिकारियों एवं उपस्थित पक्षकारों के समक्ष अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगनी पड़ी। साथ ही भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के साथ इस प्रकार का व्यवहार न करने का आश्वासन दिया गया।

अधिवक्ता संघ द्वारा यह भी कहा गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर कार्यालय में कार्यरत दस्तावेज लेखकों एवं टाइपिस्टों के लाइसेंसों की विधिवत जांच कराने की मांग की जाएगी। उपपंजीयक अधिकारी रविशंकर देवांगन ने मामले को शांतिपूर्वक सुलझाते हुए दोनों पक्षों में समझाइश दी, जिसके बाद अधिवक्तागणों ने मामला शांत किया।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विनय बंजारे ने सभी दस्तावेज लेखकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के साथ अभद्र या अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अधिवक्ता बाबूलाल सिंहा, दिलीप तिवारी, सुलेखा सोनी, एच.एस. सिंहा, एन.पी. सिंहा, लक्ष्मण नायक, कुलेश्वर साहू, टूमन साहू, प्रवीण साहू, पैमान साहू, ए.आर. दिल्लीवार, रविकांत सोनकर, निश्चल तारम, गिरीश साहू, भिनेंद्र यादव, चंद्रभान निषाद, गौरी मार्कण्डेय, सलमा रिज़वी, महेंद्र यादव, छबिलाल बंजारे, दीपनारायण यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version