रायपुर के बाद दुर्ग सांसद विजय बघेल ने की विशेषाधिकार हनन की शिकायत, अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में सांसदों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच टकराव का मामला लगातार गहराता जा रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है। विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डी.एस. राजपूत के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है।

सांसद विजय बघेल का आरोप है कि दोनों अधिकारी न केवल उनके फोन कॉल का जवाब नहीं देते, बल्कि जनहित से जुड़े मामलों में अपेक्षित सहयोग और आवश्यक जानकारी देने से भी बचते हैं। उन्होंने शिकायत में कहा है कि विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर निगम प्रशासन गंभीरता नहीं दिखाता।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निगम क्षेत्रों में बिना टेंडर के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और बाद में उनका भुगतान किया जाता है। इसके अलावा कई भ्रष्टाचार के मामलों की जांच भी नहीं कराई जा रही है। सांसद का कहना है कि इन अनियमितताओं को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मामले को गंभीर मानते हुए लोकसभा सचिवालय ने शिकायत पर संज्ञान लिया है। कार्रवाई के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के माध्यम से संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। साथ ही राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों से इस मामले में जवाब भी तलब किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया पर फोन पर आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए लोकसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। अब दुर्ग सांसद विजय बघेल की शिकायत सामने आने के बाद प्रदेश में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते विवाद को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है।

Exit mobile version