भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर सोशल मीडिया पर अश्लील और अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पखांजूर मंडल युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष के फेसबुक अकाउंट से कथित तौर पर की गई पोस्ट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
पैदल मार्च कर भिलाई-3 थाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
कथित पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पैदल मार्च करते हुए भिलाई-3 थाना पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस के एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और भिलाई-चरोदा महापौर निर्मल कोसरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह को पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने कहा- आपत्तिजनक भाषा पर हो कार्रवाई
निर्मल कोसरे ने आरोप लगाया कि भाजपा युवा मोर्चा के पखांजूर मंडल उपाध्यक्ष ने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से कथित पोस्ट की जांच कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस की ओर से यह भी कहा गया कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने कहा- मामले की जांच जारी
मामले को लेकर सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीएसपी के मुताबिक, पखांजूर निवासी युवक के खिलाफ जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में पुलिस की ओर से क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

