अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल और आसपास के गांवों में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के करीब 20 स्कूलों को आगामी आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 हाथियों का एक दल तेंदुटिकरा और सरमा जंगल के बीच विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों में खतरा बना हुआ है। ऐसे में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी घोषित की गई है।

हाथियों की निगरानी में जुटा वन विभाग
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में तैनात हैं। वनकर्मी हाथियों के मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं और उन्हें आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग की कोशिश है कि हाथियों के दल को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने के लिए सुरक्षित रास्ता मिल सके।
चौथे दिन भी कबरा हाथी को पकड़ने में नहीं मिली सफलता
इधर, कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर काबू में करने का अभियान भी लगातार जारी है। वन विभाग की टीम चौथे दिन भी हाथी को बेहोश कर पकड़ने की कोशिश में जुटी रही, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। लगातार प्रयासों के बावजूद हाथी को नियंत्रित नहीं किया जा सका है।