72 दिन बाद अमित भंडारी हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका और उसके दो भाइयों ने मिलकर की थी हत्या

जांजगीर-चांपा। जिले के कोसा गांव में करीब 72 दिन पहले हुए बहुचर्चित अमित भंडारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की प्रेमिका और उसके दो भाइयों ने मिलकर अमित की हत्या की थी। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को मुख्य वजह बताया गया है।

मामले की जांच के लिए एएसपी डॉ. यूलैन्दन यार्क के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। पुलिस टीम ने ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट सहित तकनीकी जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने हत्या के आरोप में संतोषी सिंह, बजरंग सिंह क्षत्रिय और पप्पू सिंह क्षत्रिय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस डॉग ‘विमला’ ने आरोपियों के घर की ओर संकेत किया था। इसके बाद जांच टीम ने इस दिशा में भी जांच आगे बढ़ाई।

200 से ज्यादा टावर डंप और सीडीआर की जांच

हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान 200 से अधिक टावर डंप, सीडीआर, आईपीडीआर और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों और आपसी संपर्क की जांच की।

ब्रेन मैपिंग के लिए बजरंग की रिमांड लेगी पुलिस

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बजरंग सिंह की ब्रेन मैपिंग के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं संतोषी सिंह और पप्पू सिंह क्षत्रिय को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर 72 दिन पुराने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई गई है।

Exit mobile version