11वीं के छात्र ने 18 सहपाठियों को काटा, स्कूल में मची अफरा-तफरी, 3 साल पहले डॉग बाइट का शिकार हुआ था छात्र

धमतरी। जिले के सिलौटी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने 18 सहपाठियों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में काट लिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सभी प्रभावित छात्रों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर एहतियातन एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने छात्र से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि करीब तीन वर्ष पहले उसे एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। उस समय उसका आवश्यक टीकाकरण भी कराया गया था। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में छात्र का व्यवहार असामान्य नजर आ रहा था और उसने अपने कुछ सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया।

मामला सामने आते ही विद्यालय प्रबंधन ने प्रभावित छात्रों के अभिभावकों को सूचना दी और सभी बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। डॉक्टरों ने बताया कि सावधानी के तौर पर सभी छात्रों को एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण की आशंका को रोका जा सके।

वहीं, जिस छात्र ने अन्य बच्चों को काटा है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र में रेबीज संक्रमण है या नहीं, इसका स्पष्ट पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। घटना को लेकर अभिभावकों में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच रिपोर्ट का इंतजार करने की अपील की है।

Exit mobile version