KH ग्रुप ऑफ स्कूल के एनुअल स्पोर्ट्स डे में कावेरी हाउस ने मारी बाजी: विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में स्टूडेंट्स ने दिखाया अपना जौहर… चीफ गेस्ट रहें वैशाली नगर TI त्रिपाठी; के.के.झा ने कहा- खेलना शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण

  • पिछले एक हफ्ता से 400 से ज्यादा स्टूडेंट ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया अपना हुनर
  • विजेता खिलाड़ियों का मेडल एवं सर्टिफिकेट से किया गया सम्मान
  • कावेरी हाउस को मिली “विनर हाउस” की ट्रॉफी

भिलाई। भिलाई के केएच ग्रुप आफ स्कूल्स में शनिवार, 17 दिसंबर को “एनुअल स्पोर्ट्स डे” का आयोजन किया गया। पिछले एक सप्ताह से 400 से ज्यादा स्टूडेंट विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखा रहे थे। विजयी हुए स्टूडेंट्स को आज अतिथियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। नन्हे स्टूडेंट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर काफी संख्या में पेरेंट्स उपस्थित थे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्टूडेंट्स का हौसला बढ़ाया। सप्ताह भर चले खेल आयोजन का सिरमौर बना “कावेरी हाउस”, जिसके स्टूडेंट्स ने अधिकांश खेल प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विनर हाउस का ट्रॉफी देकर उसे सम्मानित किया गया।

एनुअल स्पोर्ट्स डे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वैशाली नगर थाना के प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी थे। इस अवसर पर केएच ग्रुप आफ स्कूल्स के चेयरमैन के.के. झा, प्रिंसिपल मैडम विभा झा, डायरेक्टर निश्चय झा, एकेडमिक डायरेक्टर सृष्टि झा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सीए प्रियेश लेखवानी उपस्थित थे।

स्पोर्ट्स डे की शुरुआत केएच केसल एवं के एच वर्ल्ड स्कूल के नन्हें स्टूडेंट्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। तत्पश्चात विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पूर्व में हुई खेल प्रतियोगिताओं लांग जंप, सेक रेस, स्पून एंड लेमन रेस, ड्रेस अप रेस, रिले रेस, स्कीपिंग रनिंग, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, बास्केटबॉल, फुटबॉल जलेबी दौड़ आदि के विजेताओं को मेडल एवं सर्टिफिकेट दे कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में चेयरमैन श्री झा ने कहा कि दो वर्ष करोना काल के कारण खेल की गतिविधियां बंद थी लेकिन एक बार फिर स्टूडेंट मैदान में आ गए हैं। यह देख कर अच्छा लग रहा है। खेलना केवल शारीरिक विकास के लिए ही नहीं बल्कि मानसिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। पूरे वर्ष भर जो हम प्रदर्शन करते हैं उसका मूल्यांकन करने का दिन आज होता है।

प्रिंसिपल मैडम विभा झा ने कहा कि जीवन में खेल एवं पढ़ाई दोनों का समान रूप से महत्व है। दोनों एक ही सिक्के के पहलू हैं। खेल हर किसी के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जो स्टूडेंट्स को टीमवर्क, समन्वय जैसे गुणों को सीखने में और शरीर को मजबूत,स्वस्थ रखने में मदद करता है। स्टूडेंट्स मानसिक एवं शारीरिक रूप से फिट रहें इसमें खेल की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डायरेक्टर निश्चय झा एवं एकेडमिक डायरेक्टर सृष्टि झा ने भी समारोह को संबोधित किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि श्री त्रिपाठी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अपने बच्चों को अपनी आंखों के सामने खेलता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम देता हुआ देख पेरेंट्स काफी प्रफुल्लित दिखे। आज का दिन उनके लिए यादगार था।

Exit mobile version