बलौदाबाजार। जिले में धान भंडारण और कस्टम मिलिंग की व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सिमगा विकासखंड के मोहरा गांव स्थित दो राइस मिलों की जांच में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी सामने आई है। विभाग के मुताबिक, कम पाए गए धान का मूल्य करीब 6.83 करोड़ रुपये है। जांच के बाद दोनों मिल संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के अनुसार, खाद्य विभाग की टीम ने श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में दबिश देकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में 19,351.80 क्विंटल धान कम मिला, जिसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपये आंकी गई है। वहीं, सलूजा इंडस्ट्रीज में 9,519.44 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसका मूल्य 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपये बताया गया है।
गोदाम में नाममात्र का स्टॉक, चावल जमा करना भी बाकी
जांच के दौरान दोनों मिलों में उपलब्ध धान और चावल के भौतिक स्टॉक का मिलान विभागीय रिकॉर्ड से किया गया। श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना शेष था। लेकिन मिल परिसर और गोदाम में जांच के समय केवल 190.50 क्विंटल चावल तथा 1,541.60 क्विंटल धान मिला। इसी तरह सलूजा इंडस्ट्रीज में भौतिक सत्यापन के दौरान महज 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया। इस मिल को दोनों सरकारी एजेंसियों में 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना बाकी था।
दस्तावेज नहीं दिखा सके मिल संचालक, दर्ज हुआ प्रकरण
खाद्य विभाग के मुताबिक, स्टॉक में मिली कमी के संबंध में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा से दस्तावेजी साक्ष्य मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने यह भी बताया कि दोनों मिल संचालकों को पहले कई बार लंबित चावल जमा करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद चावल जमा नहीं कराया गया। इसके बाद दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उपबंध 4(3), 6(1), 6(3) और 12 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
धान खरीदी और भंडारण पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने धान खरीदी, भंडारण और मिलिंग व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच लगातार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, धान की कमी या अन्य गड़बड़ी सामने आने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
