बलरामपुर। जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-343 पर टमाटर से लदी एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अधौरा गांव के पास अचानक अनियंत्रित हुई पिकअप सड़क किनारे पलट गई। वाहन पलटते ही उसमें भरे टमाटर सड़क और आसपास बिखर गए। इसके बाद वहां पहुंचे ग्रामीण टमाटर समेटते नजर आए।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में बड़ी मात्रा में टमाटर लोड थे, जिन्हें अंबिकापुर से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। वाहन बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के अधौरा गांव के पास पहुंचा था, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क से उतरकर पलट गई।
पिकअप पलटते ही मौके पर जुटी भीड़
हादसे के बाद सड़क किनारे बड़ी मात्रा में टमाटर फैल गए। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते लोगों में बिखरे टमाटर उठाने की होड़ दिखाई देने लगी और ग्रामीण टमाटर समेटकर ले जाने लगे।
हादसे के बाद चालक के गायब होने की चर्चा
घटना के बाद पिकअप चालक के मौके से चले जाने की जानकारी भी सामने आई है। चालक वहां से क्यों गया और हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। हादसे में किसी के घायल होने को लेकर भी अभी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
