भिलाई की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें : ट्रायल के लिए पहुंची पहली ई-बस, 50 बसों को मिली मंजूरी

इलेक्ट्रिक बस

भिलाई। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर भिलाई में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई को कुल 50 ई-बसों के संचालन की स्वीकृति मिली है। योजना के पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी है। इसके लिए निगम ने विभिन्न मार्गों का रूट चार्ट भी तैयार कर लिया है।

ट्रायल के लिए पहुंची पहली इलेक्ट्रिक बस

ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों के बीच नगर निगम भिलाई को ट्रायल के लिए पहली इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध कराई गई। बस के पहुंचने के बाद निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसमें सफर कर इसकी संचालन व्यवस्था, सुविधाओं और यात्रा अनुभव का जायजा लिया। इस ट्रायल का उद्देश्य बसों के नियमित संचालन से पहले व्यवस्थाओं को समझना और तैयारियों का परीक्षण करना है।

नेहरू नगर से रिसाली तक तय किया ट्रायल रूट

ट्रायल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नेहरू नगर चौक से सफर शुरू किया। इसके बाद सूर्या मॉल चौक, शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेलवे स्टेशन रोड, दुर्ग बस स्टैंड, राजेंद्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध और पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक बस का परीक्षण किया गया।

कलेक्टर और निगम आयुक्त ने भी ली जानकारी

ई-बस सेवा की संचालन व्यवस्था को समझने के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री ई-बस सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं और बस संचालन की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम स्तर पर भी रूट चार्ट के अनुसार आगामी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, रिसाली, भिलाई चरोदा और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और आम यात्रियों को इससे विशेष सुविधा मिल सकती है। सस्ती और सुलभ परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रदूषण कम करने में भी मिलेगी मदद

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होने के साथ ही पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। इससे भिलाई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिल सकेगा।

ट्रायल पूरा होने के बाद शुरू होगा नियमित संचालन

नगर निगम द्वारा तैयार रूट चार्ट के आधार पर बसों के संचालन की आगे की तैयारियां की जा रही हैं। ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित योजना के अनुसार ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। अब शहरवासियों को इलेक्ट्रिक बसों के नियमित संचालन का इंतजार है।

Exit mobile version