दुर्ग। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित भेलवा तालाब में नहाने गए एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 16 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह अपने पांच दोस्तों के साथ भेलवा तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची सुपेला थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद गुरप्रीत के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है और घटना के संबंध में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।