भिलाई। रुंगटा पब्लिक स्कूल, भिलाई में 27 नवंबर को वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। ‘वसुधैव कुटुम्बकम् – द ग्लोबल कार्निवल’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों और भारतीय राज्यों की संस्कृति, लोककला और परंपराओं को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘ईयर ऑफ एम्पावरमेंट’ यानी सशक्तिकरण का वर्ष रही।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद उप प्राचार्य महेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्राचार्य दीप्ति सिंह ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी।
बस्तरिया लोकनृत्य से लेकर भजन कॉन्सर्ट तक सजी सांस्कृतिक महफिल
वार्षिक उत्सव में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। ‘मिनी रॉकस्टार’, ‘बॉली रेट्रो’, छत्तीसगढ़ का बस्तरिया लोकनृत्य, ‘द स्पूकी शो – स्केरी डांस’, ‘राम भक्त हनुमान – द सिंबल ऑफ स्ट्रेंथ’, ‘ड्रीम्स इन मोशन – फ्लेमिंगो डांस’ और ‘द स्पिरिट ऑफ नॉर्थ ईस्ट’ के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा भजन कॉन्सर्ट, समूह नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें अभिभावक : ओपी चौधरी
मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते भारत में युवाओं के लिए अवसरों के नए रास्ते खुले हैं। अब बच्चों के सामने केवल सरकारी नौकरी ही करियर का विकल्प नहीं है, बल्कि स्टार्टअप, उद्यमिता, खेल, कला और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर स्कूल में टॉपर बनने का दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल अंकों से तय नहीं होती। इसके लिए आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी है। विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
विधायक रिकेश सेन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना
विशिष्ट अतिथि विधायक रिकेश सेन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं।
चेयरमैन संजय रुंगटा ने विद्यालय की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
वहीं, चेयरमैन संजय रुंगटा ने विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मविश्वास को भी जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि तथा वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में रुंगटा ग्रुप के चेयरमैन संजय रुंगटा, डायरेक्टर रजनी रुंगटा, डॉ. साकेत रुंगटा, हर्षा रुंगटा, रुंगटा स्किल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन संतोष रुंगटा, बोर्ड मेंबर एवं पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान, चतुर्भुज राठी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय की प्राचार्य दीप्ति सिंह, उप प्राचार्य महेंद्र सिंह सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करने, धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

