बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक बेजुबान गाय के साथ बेरहमी की घटना सामने आई है। विजयापुरम कॉलोनी में सड़क पर बैठी गाय को एक कार ने कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों की शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अरविंद तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मिली जानकारी के मुताबिक, विजयापुरम कॉलोनी में एक गाय सड़क पर बैठी हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार गाय के ऊपर से निकल गई। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में कार को सड़क पर बैठी गाय के ऊपर से गुजरते देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों ने कार चालक पर जानबूझकर गाय को कुचलने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि वाहन चालक थोड़ी सावधानी और संवेदनशीलता दिखाता तो इस घटना को टाला जा सकता था। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
लोगों की शिकायत और विरोध के बाद सरकंडा पुलिस ने अरविंद तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
