नकटी मामले पर भाजपा का पलटवार, अनुराग सिंहदेव ने कहा – झूठा नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस

रायपुर। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर जनता को भड़काने और राज्य में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।

अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नकटी गांव को पूरी तरह उजाड़े जाने का दावा पूरी तरह भ्रामक है। उनके अनुसार गांव की कुल आबादी 2110 है और अतिक्रमण केवल शासकीय भूमि के सीमित हिस्से पर था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के पटवारी प्रतिवेदन में लगभग तीन हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का उल्लेख किया गया था, जबकि इसके बाद भी बड़े पैमाने पर कब्जे किए गए।

उन्होंने दावा किया कि कई कब्जाधारियों ने 10 हजार से 29 हजार वर्गफुट तक शासकीय भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान बना लिए थे, जिससे यह सामान्य नहीं बल्कि संगठित अतिक्रमण का मामला प्रतीत होता है।

विधायक आवास के आरोपों को बताया गलत

अनुराग सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा यह प्रचार किया जा रहा है कि विधायक आवास बनाने के लिए अतिक्रमण हटाया गया, जबकि वर्तमान में संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है। उन्होंने कहा कि विधायक आवास निर्माण का निर्णय विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और अन्य सदस्यों की समिति करती है तथा फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस विधायक इस मुद्दे पर पत्र लिख रहे हैं तो उन्हें यह पत्र तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तत्कालीन आवास मंत्री मोहम्मद अकबर को लिखना चाहिए, क्योंकि सामान्य आवास के लिए इसी भूमि का प्रस्ताव कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भेजा गया था।

66 परिवारों को आवास देने का दावा

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 66 प्रभावित कब्जाधारियों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आवास उपलब्ध कराया गया है। उनके अनुसार वहां पहले से लगभग 1200 परिवार निवास कर रहे हैं और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी की जाएगी तथा फिलहाल भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

अनुराग सिंहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता की भावनाएं भड़काने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में फर्जी नैरेटिव के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई और अराजक माहौल बनाने का प्रयास हुआ।

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सेरीखेड़ी और नवा रायपुर के किसानों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रभावित लोगों के पुनर्वास और मांगों की अनदेखी की गई थी। भाजपा ने मांग की कि झूठी अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी और प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी मौजूद रहे।

Exit mobile version