बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा महिला नेत्री ने रांची के कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म, ठगी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में दिल्ली में कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना होने का दावा किया गया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कारोबारी ने माइनिंग निवेश और बड़े मुनाफे का झांसा देकर पहले नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और अलग-अलग किश्तों में करीब ₹2 करोड़ 50 लाख की रकम वसूल ली।

महिला के अनुसार आरोपी ने RTGS और अन्य माध्यमों से पैसे लिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी देना और अवैध वसूली शुरू कर दी। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार महिला ने पुलिस की शरण ली।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है। पुलिस टीम आरोपी कारोबारी की तलाश में झारखंड में दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।