दुर्ग में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, होटल में चाय पीते वक्त गले पर चाकू से किया वार

दुर्ग। जिले के रिसाली निगम क्षेत्र में शनिवार सुबह चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जोरातराई के वार्ड नंबर 37 में एक युवक ने भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह यादव सुबह एक स्थानीय होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उनके गले पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल राजेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि आरोपी और भाजपा नेता के बीच करीब चार साल पहले दोस्ती थी, लेकिन लंबे समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो रही थी। स्थानीय स्तर पर इस हमले को रिसाली निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि हमले की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

मामले को लेकर एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version