युवक की चप्पल से पिटाई, भाजपा नेत्री पर गिरी गाज, पार्टी ने पद से हटाया, FIR दर्ज

बिलासपुर। जिले के रतनपुर स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर में युवक की चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना में भाजपा से जुड़ी महिला नेत्री रेहाना बेगम द्वारा युवक की पिटाई किए जाने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और मंदिर ट्रस्ट के साथ भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रेहाना बेगम को जांच पूरी होने तक संगठन के पद से मुक्त कर दिया है।

चोरी के पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष
मिली जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को महामाया मंदिर के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महामंत्री रेहाना बेगम ने दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

दोनों पक्षों पर FIR, दो गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर रेहाना बेगम के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत भी अपराध दर्ज किया गया है।

रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय के मुताबिक, मामले में FIR दर्ज की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मंदिर ट्रस्ट ने 4 दुकानदारों को हटाने का निर्देश दिया
विवाद के बाद महामाया मंदिर ट्रस्ट ने भी कार्रवाई की है। ट्रस्ट ने सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में चार दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर अपनी दुकानें हटाने का निर्देश दिया है।

भाजपा ने जांच तक पद से किया मुक्त
मामले को लेकर भाजपा संगठन ने भी तत्काल कदम उठाया है। भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को जांच अवधि तक पद से मुक्त कर दिया है।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन अनुशासन से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेता है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जांच प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए जांच पूरी होने तक रेहाना बेगम को पद से मुक्त किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंदिर परिसर में हुए विवाद और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

Exit mobile version