भिलाई में विधानसभा और लोकसभा के लिए BJP के प्रभारी, सह-प्रभारी तय: खुद जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू संभालेंगे दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में रिसाली का जिम्मा…सभी मंडलों में सरोज समर्थकों को मौका… बघेल, भसीन और पांडेय समर्थकों को रखा कामकाज से दूर

यशवंत साहू@भिलाई। मिशन-2023-2024 के लिए भाजपा गंभीर हो गई है। अभी से भाजपा भिलाई संगठन ने हरेक मंडल के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी बना दिए। भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू की ओर से आदेश जारी हुआ है। 10 मंडलों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों के नाम है। इसके अलावा कई और नेताओं को अलग-अलग मंडल में कामकाज देखने के लिए रखा गया है।

आदेश में लिखे नाम एनॉलिसिस करने पर ये पता चला कि, सभी 10 मंडलों में जिन्हें प्रभारी और सह-प्रभारी बनाया गया है, वे सभी राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और उनके बड़े भाई राकेश पांडेय के समर्थक हैं। दोनों नेताओं के समर्थकों को सभी जगहों पर जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं सांसद विजय बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय और वैशालीनगर से जिले के इकलौते भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन के समर्थकों का नामों-निशान नहीं है।

सवाल उठता है कि क्या विजय बघेल, प्रेमप्रकाश पांडेय और भसीन के समर्थकों की जरूरत भाजपा को नहीं है? या चुनाव जिताने के लिए योग्य नहीं है या फिर खेमेबाजी में सरोज व राकेश समर्थकों को जानबूझकर मौका दिया गया है।

ऐसे में साफ-साफ पार्टी में खेमेबाजी नजर आ रही है। स्थाई तौर पर बनाए गए प्रभारी और सह-प्रभारी के लिए तीनों नेताओं के समर्थकों को छोड़ सरोज व राकेश के समर्थकों को मौका दिया गया है।

देखिए मंडल में प्रभारी, सह-प्रभारी कौन-कौन

– पूर्व मंडल: यहां के लिए रामगोपाल शर्मा को प्रभारी बनाया गया है। जबकि, रामउपकार तिवारी सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
– पश्चिम मंडल: भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह को प्रभारी बनाया गया है। सरोज के करीबियों में सत्येंद्र का जिक्र होताहै। उनके साथ मंजूशा साहू सह-प्रभारी के रूप में रहेंगी।

– रिसाली मंडल: भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू खुद रिसाली मंडल की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। रिसाली दुर्ग ग्रामीण विधानसभा का सबसे बड़ा क्षेत्र है। साहू बाहुल्य होने की वजह से विरेंद्र खुद ही प्रभारी बने हैं। चर्चा है कि उनका निशाना मिशन-2023 में है। विधानसभा के लिए भी दावेदारी करते नजर आए तो इससे इत्तेफाक नहीं रख सकते हैं। सह-प्रभारी के रूप में रामप्यारी वर्मा होंगी।

सुपेला मंडल: नगर पालिका परिषद जामुल के अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर सुपेला मंडल में प्रभारी के रूप में नजर आएंगे। उनके साथ त्रिलोचन सिंह सह-प्रभारी बनकर रहेंगे।

– वैशालीनगर मंडल: खुर्सीपार के पूर्व मंडल अध्यक्ष भूषण अग्रवाल यहां का मोर्चा संभालेंगे। भूषण की पकड़ अच्छी है। व्यापारी वर्ग हो या आम लोगों से सीधा संवाद करते हैं। उनके साथ कोसानगर में रहने वाले मनोज तिवारी सह-प्रभारी बनकर काम करेंगे।
– कैंप मंडल: अवधेश चौहान को जिलाध्यक्ष ने प्रभारी बनाया है। उनके साथ पूर्व कोषाध्यक्ष अर्जुन सचदेवा सह-प्रभारी बनकर काम करेंगे।

– खुर्सीपार मंडल: व्यापारी नेता के साथ-साथ भाजपा पदाधिकारी प्रमोद अग्रवाल को खुर्सीपार का चार्ज दिया गया है। उनके साथ सह-प्रभारी बनकर संतोष सिंह काम करेंगे।

– जामुल मंडल: नगर पालिका परिषद जामुल में भाजपा की शहर सरकार है। यहां का चार्ज पुरुषोत्तम देवांगन को दिया गया है। उनके साथ मीडिया प्रभारी सुभाष शर्मा सह-प्रभारी रहेंगे।

– चरोदा मंडल: कुम्हारी मंडल के पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा पदाधिकारी राकेश पांडेय को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सह-प्रभारी के रूप में योगेश साहू रहेंगे।

– कुम्हारी मंडल: यहां की जिम्मेदारी पुखराज जैन को दी गई है। उनके साथ गौरीशंकर सह-प्रभारी बनकर काम करेंगे।

मंडल के कामों पर नजर रहेंगे ये नेता
जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू ने यह भी बताया कि, सभी मंडल में मॉनीटरिंग के लिए सीनियर नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। जिला महामंत्री शंकरलाल देवांगन को पूर्व मंडल, पश्चिम मंडल, रिसाली मंडल, चरोदा मंडल और कुम्हारी मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे।

उनके अलावा मारकंडे तिवारी सुपेला मंडल, वैशालीनगर, जामुल मंडल, कैंप मंडल और खुर्सीपार मंडल के कामकाज पर नजर रखेंगे।

Exit mobile version