दुर्ग: उतई क्षेत्र में 10 अप्रैल को 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई शर्मनाक और हृदय विदारक घटना को लेकर लोगों में भारी रोष है। इस मामले में त्वरित न्याय और अपराधी को फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने मोर्चा खोल दिया है।

अधिवक्ता संघ और लोक अभियोजक को सौंपा ज्ञापन
BJYM जिला मंत्री हर्ष चंदेल के नेतृत्व में युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिवक्ता संघ और जिला लोक अभियोजक को ज्ञापन सौंपा। भाजयुमो ने पुरजोर मांग की है कि इस जघन्य अपराध के आरोपी की पैरवी किसी भी अधिवक्ता द्वारा न की जाए। साथ ही, मामले को फास्ट ट्रैक पर चलाकर अपराधी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाने हेतु प्रशासन से कड़ा रुख अपनाने का अनुरोध किया गया है।
युवा मोर्चा ने कहा- समाज में ऐसे दरिंदों के लिए कोई जगह नहीं
ज्ञापन सौंपते समय पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस तरह की घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं। अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाकर ही पीड़िता और उसके परिवार को न्याय सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अभियान के माध्यम से समाज के बुद्धिजीवी वर्ग और कानूनविदों से भी नैतिक समर्थन की अपील की गई है।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य रूप से भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष उल्लेख साहू, श्वेता यादव, विधि एवं तकनीकी प्रभारी अब्दुल्ला कुरैशी, सदर गौरवपथ मंडल अध्यक्ष विशाल शर्मा, मध्य मंडल अध्यक्ष निरंजन दुबे समेत युवा मोर्चा के कई कार्यकर्ता और साथी उपस्थित थे।