Durg News: शराब पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष, युवक की हत्या से इलाके में सनसनी

दुर्गजिले के जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड-22 स्थित कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद हत्या में बदल गया। एक युवक ने 40 वर्षीय पुरण भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार घटना के समय कमरे में मामा-भांजा शराब पी रहे थे। इसी दौरान उतई निवासी पुरण भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान पुरण की राज जोशी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। गुस्से में आकर राज जोशी ने पुरण भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना की सूचना आरोपी के मामा मनीष बघेल ने ही पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए और मौके पर मौजूद मामा-भांजा दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी बालिग है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। फिलहाल हत्या के वास्तविक कारणों की जांच जारी है, आगे की कार्रवाई पीएम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

Exit mobile version