ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोर बाबू गिरफ्तार, ट्रांसफर रोकने भृत्य से ले रहा था 40 हजार रुपए रिश्वत

जशपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग में गुरुवार को भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है. अंबिकापुर से पहुंची एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने विभाग के सहायक ग्रेड-2 गिरीश कुमार वारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई विभागीय कार्यालय परिसर में की गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कर्मचारी योगेश कुमार शांडिल्य दोकड़ा में भृत्य के पद पर पदस्थ हैं, उनका स्थानांतरण लोदाम किया गया था. आरोप है कि इस स्थानांतरण के बदले सहायक ग्रेड-2 गिरीश कुमार वारे ने उनसे 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. गिरीश पहले ही 30 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बना रहा था. इससे योगेश मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।

योगेश कुमार के अनुसार, जब उसने बाकी पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने उसकी मोटरसाइकिल अपने पास रख ली. इस घटना के बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत करने का फैसला किया. शिकायत की जांच के बाद ACB टीम ने पूरी योजना के साथ ट्रैप कार्रवाई की. गुरुवार को जैसे ही पीड़ित 40 हजार रुपए लेकर कार्यालय पहुंचा और आरोपी को पैसे दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में भी अफरा-तफरी का माहौल है.

Exit mobile version