दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अकलोरडीह गांव में छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। मौके से करीब 100 टन से अधिक लोहा जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और जांच टीम वहां मौजूद लोहे के जखीरे और भारी मशीनों को देखकर हैरान रह गई।
पुलिस ने पूरे गोदाम को सील कर दिया है। वहीं मौके पर खड़े करीब एक दर्जन भारी वाहनों और मशीनों को भी जब्त किया गया है। इनमें पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चैन माउंटेन जैसे उपकरण शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। चोरी का माल अकलोरडीह स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में डंप किया जाता था, जहां से उसे अन्य स्थानों पर खपाया जाता था। आरोपी डस्ट परिवहन की आड़ में लोहे की चोरी को अंजाम देते थे।
मामले में बीएसपी के कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि बीएसपी परिसर और आसपास करीब 400 सीसीटीवी कैमरे और 1200 से अधिक Central Industrial Security Force जवानों की तैनाती के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर निकलता रहा।
फिलहाल इस मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। इस घटना के बाद बीएसपी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

