कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने सराफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए डंडे से हमला किया और उसकी बाइक रुकवाकर सोने-चांदी के जेवरात सहित 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
साप्ताहिक बाजार से लौटते समय वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी दलदली में साप्ताहिक बाजार करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने डंडे से हमला कर व्यापारी की बाइक रुकवाई और उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात तथा 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी
घटना के बाद पीड़ित सराफा व्यापारी ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की तलाश के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सुराग जुटाने और फरार बदमाशों का पता लगाने में लगी हुई है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।