PHOTOS-दुर्ग संभाग में बड़ा बस हादसा: खाई में गिरी बस…2 यात्री नीचे दबे, रात 9 बजे तक 15 से ज्यादा लोग घायल, CM भूपेश ने दिए तत्काल उपचार और रेस्क्यू के निर्देश, ग्राउंड जीरो से देखिए तस्वीरें

भिलाई। दुर्ग संभाग के कवर्धा जिले में एक बस हादसा हो गया है। इस हादसे में रात 9 बजे तक 15 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं 2 से 3 यात्री बस के नीचे दबे होने की खबरें भी है। स्थानीय पत्रकारों को कवर्धा पुलिस अधीक्षक डा.लाल उमेद सिंह ने बताया कि ईलाहाबाद (हैदरगंज) से यात्री लेकर बिलासपुर जा रहीं बस खाई में गिर गई।

इस हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। वहीं तीन यात्री बस के नीचे दबे हुए थे। जिसे बचाने के प्रयास में देर रात तक रेस्क्यू चलाया गया। खबर लिखे जाने तक यात्री को नहीं निकाला जा सका है।

घटना शाम में होने के कारण टीम देर से मौके पर पहुंची। इस हादसे में लगभग तीन गंभीर रूप से घायल हुए है, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरा मामला कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी घाट(आगरपानी मोड) का है। बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम 6.20 बजे हुआ है। बस तेज रफ्तार से आ रही थी। घाट वाले रास्ते में मोड होने के कारण बस 25 से 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी।

कुकदूर थाना से मिली जानकारी अनुसार यह यात्री बस क्रमांक एमपी 19, पी 2356 ईलाहाबाद से छत्तीसगढ़ की ओर यात्री लेकर आ रही थी। कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी घाट की घटना हुई। घाट होने के कारण यहां नेटवर्क की भी दिक्कत है।

यहीं कारण है कि रेस्क्यू वाली टीम को पहुंचने में करीब आधे घंटे से भी ज्यादा लग गए। हालांकि देर से ही सही लेकिन मौके पर टीम पहुंची हुई थी। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल में भर्ती किए जाने का काम शुरू किया गया।

मौके पर मौजूद पुलिस टीम लगातार घायलो को घाटी से निकालने का काम कर रही थी। इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में घायल लोगों के त्वरित उपचार के लिए दिए निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम कवर्धा से लगभग 70 किलोमीटर दूर पोलमी के पास बस के पलटने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को वहां प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने घायल व्यक्तियों के त्वरित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। यह घटना आज शाम कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखण्ड अंतर्गत पोलमी के पास आगरपानी मोड़ में हुई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बस उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर से बिलासपुर लौट रही थी। इसमें घायल 15 व्यक्तियों को पास के कुकदूर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।


घटना के बाद मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस में बैठे लोग डर गए। कई तो बाहर छिटक गए थे। वहीं कुछ के दबे होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि शाम तक किसी भी की मौत की जानकारी सामने नहीं आइ है। राहगीरों द्वारा बताया गया है कि, सूचना देने के बाद करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर आई। आधे घंटे तक घायल इलाज के लिए तड़पते रहे। क्योंकि सड़क से घाट कुछ ही दूरी पर है।

बस में ज्यादातर श्रमिक वर्ग के थे यात्री
बताया जा रहा है कि इस बस में ज्यादातर यात्री श्रमिक वर्ग के थे जो यूपी के विभिन्न शहरों में काम करने गए थे। घाट में पलटने के बाद अधिकतर यात्री उपर की सीट पर थे, जो नीचे गिर गए। इस घटना में यात्री डर गए थे। दुर्घटना में जिन्हें सामान्य चोट लगी, प्राथमिक उपचार के बाद उनकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।

दूसरी ओर मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली पंडरिया-बजाग सड़क मार्ग हादसों का गढ़ (ब्लैक स्पाट) बन गया है। बीते कुछ दिनों में यहां सड़क हादसे एकाएक बढ़ गए है। सड़क अच्छा होने के चलते लोग तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं। इसके कारण हादसे के शिकार हो रहे हैं।

Exit mobile version