युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए दुर्ग जिले से तीन दावेदार: विधायक देवेंद्र यादव के साथ राष्ट्रीय सचिव शाहिद और अनूप का नाम दिल्ली भेजा, मिली मंजूरी…प्रदेशभर से 22 दावेदार, देखिए कौन-कौन हो सकते हैं प्रत्याशी

भिलाई। युवा कांग्रेस चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेशभर में युवा कांग्रेस चुनाव का माहौल देखने को मिल रहा है। युवाओं को तलाशा जा रहा है। मेंबरशिप के लिए जुगाड़ लगाए जा रहे हैं। हर संभव कोशिश की जा रही है जिसके लिए पहले भी होते रहे हैं।

वैसे युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ से प्रदेश अध्यक्ष के लिए जो नाम भेजे गए हैं, उनकी संख्या 22 तक पहुंच गई है। इसमें दुर्ग जिले से तीन नाम प्रमुख हैं। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय सचिव व गुजरात प्रभारी मो. शाहिद और अनूप वर्मा का नाम है। तीनों दुर्ग जिले से हैं और प्रदेश अध्यक्ष के लिए दावेदारी में इनका भेजा गया है।

अभी अधिकृत रूप से प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हैं। लेकिन प्रत्याशियों की सूची में पैनल में नाम है। अब 28 तारीख तक इंतजार करना होगा कि क्या दुर्ग जिले से इनमें कोई प्रत्याशी होगा या फिर कोई और…? इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

देवेंद्र यादव भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए एलिजेबल है। देश के बेस्ट यूथ परफॉर्मिंग लीडर में देवेंद्र का नाम आता है। इसलिए उन्हें संगठन ने उनका नाम भेजा है। वे दिल्ली होकर आ भी गए। अभी तक देवेंद्र ने फॉर्म नहीं भरा है। वहीं शाहिद भी लगातार संगठन के टच में है। गुजरात और दिल्ली दौरा लगातार कर रहे हैं। शाहिद ने भी अब तक फॉर्म नहीं भरा है। अनूप वर्मा दुर्ग से आते हैं। सोशल मीडिया का जिम्मा संभाल रहे हैं। तीनों का इंटरव्यू हो चुका है।

पहली बार पूरा चुनाव होगा आनलाइन
छत्तीसगढ़ में पहली बार पूरी तरह आनलाइन मतदान के आधार पर पदाधिकारी चुने जाएंगे। चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के भीतर होनी चाहिए। युवा कांग्रेस का सदस्य बनने के बाद ही कोई भी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष के पदों के लिए वोट कर सकेगा।

चुनाव करा रहे नेताओं का कहना है कि, कांग्रेस समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व पर भरोसा करती है, इसलिए इन चुनावों में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग समेत महिलाओं, दिव्यांगों, अल्पसंख्यकों व ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी पद आरक्षित किया गया है।