धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 सीआरपीएफ जवानों सहित 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया। सभी जवान छुट्टी पर घर जा रहे थे तभी ये हादसा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर सीआरपीएफ के डीआईजी, धमतरी कलेक्टर, एसपी सहित सीआरपीएफ के कई अधिकारी मौके पर पहुँचे। तीनो के शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर ले जाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान धमतरी बायपास में खपरी के पास ट्रक के साथ जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। गैस कटर से काटकर जवानों को बाहर निकाला गया। एक जवान और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो जवानों ने अस्पताल में दम तोड़ा।
मृतकों में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ तथा सिविलियन चालक हीरालाल शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।