CG में 70 करोड़ की ठगी, 500 निवेशक बने शिकार, दो आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में करोड़ों रुपये की निवेश धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने निवेशकों को 5 प्रतिशत मासिक ब्याज (कमीशन) और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के संचालकों ने कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर समेत कई जिलों के लोगों से निवेश कराया। पीड़ितों में सरकारी कर्मचारी और अन्य वर्ग के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि निवेश के लिए लोगों को विभिन्न बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित किया गया और लोन की पूरी राशि कंपनी में जमा कराई गई।

शुरुआत में आरोपियों ने कुछ किश्तों का भुगतान कर निवेशकों का भरोसा जीता, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर और एसडीओपी संतोष सिंह के मार्गदर्शन में मामले की जांच शुरू की गई।

अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल कांकेर ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दयाशंकर साहू (45) को बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र से और नितिन निर्मलकर (26) को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने अंतागढ़ थाना में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अन्य आरोपियों और आर्थिक लेन-देन के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, अधिक मुनाफा या असामान्य ब्याज देने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव के झांसे में न आएं। निवेश से पहले संबंधित कंपनी की वैधानिकता और विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। आर्थिक अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया है।

Exit mobile version