महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित बरोंड़ा बाजार के बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 बच्चे फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी बच्चे रात करीब 2 से 3 बजे के बीच संप्रेक्षण गृह की खिड़की की ग्रील तोड़कर परिसर से भाग निकले। बताया जा रहा है कि फरार हुए सभी बच्चों को पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में यहां रखा गया था।

जानकारी के मुताबिक, फरार बच्चों में एक बालक दुष्कर्म के मामले में, दो चोरी के मामलों में, जबकि अन्य बालक NDPS एक्ट समेत विभिन्न अपराधों के मामलों में निरुद्ध थे। इन बच्चों का संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली और फरार बच्चों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि बच्चों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई।