बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवारीकला से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। पतंग उड़ाते समय छत से गिरने से कक्षा दूसरी में पढ़ने वाले 8 वर्षीय मासूम हर्ष कुमार साहू की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्ष कुमार साहू अपने दोस्त के घर वासुदेव सोनकर के दो मंजिला मकान की छत पर सोमवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक छत से नीचे गिर गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय छत पर अन्य बच्चे भी मौजूद थे। मोहल्ले की एक बच्ची ने हर्ष को गिरते हुए देखा, जिसके बाद वह भी डर के कारण सहम गई है। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल हर्ष को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल का माहौल भी भावुक हो उठा।
मासूम की असमय मौत से पूरे नेवारीकला गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि छत पर खेलते समय बच्चों की निगरानी बेहद जरूरी है। खासकर पतंग उड़ाने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।