बिलासपुर. फेसबुक के जरिए स्वयं को तहसीलदार बताकर युवक ने युवती से दोस्ती किया और बातचीत बंद करने पर उसका फोटो और मोबाइल नंबर फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने लगा. पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला से गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त कर लिया है.
सरकंडा पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर को एक पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि आशुतोष उपाध्याय पिता नरेंद्र उपाध्याय 35 वर्ष मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा से फेसबुक के जरिए 2022 में जान-पहचान हुई. वह स्वयं को तहसीलदार बताता रहा और मोबाइल से बातचीत होती रही.

युवती ने उससे बातचीत बंद कर दिया तो वह अलग अलग नंबरों से कॉल करता और अभद्र बातें करने लगा. उसके बाद उसने फर्जी आईडी बनाकर फोटो और मोबाइल नंबर वायरल कर दिया. सरकंडा पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की और ग्राम मुलमुला से आशुतोष उपाध्याय को पकड़ा. उसने पूछताछ में जुर्म स्वीकार किया. सरकंडा पुलिस ने आशुतोष उपाध्याय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.