CG News: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो मासूमों की मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार कथित तौर पर रॉन्ग साइड में पहुंच गई और बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को राजनांदगांव रेफर किया गया।

राजनांदगांव में उपचार के दौरान हिमांशु और नमन की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कार छोड़कर फरार हुए आरोपी

हादसे के बाद कार सवार चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने फरार चालक और उसके साथी की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version