CG News : डूबती बेटी को बचाने डैम में कूदी गर्भवती मां, मां-बेटी की मौत, बड़ी बेटी की बची जान

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के घोघरा डैम में नहाने गई एक गर्भवती महिला ने डूब रही अपनी बेटी को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। इस हादसे में मां और 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही। इस हादसे में छह माह की गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बालाझर निवासी सुकांति तिग्गा रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों के साथ गांव के घोघरा डैम में नहाने गई थी। बताया जा रहा है कि डैम में नहाने के दौरान उसकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को पानी में संघर्ष करता देख मां सुकांति घबरा गई और उसे बचाने के लिए तुरंत डैम में छलांग लगा दी।

मां को पानी में उतरता देख बड़ी बेटी ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की और वह भी डैम में कूद गई। हालांकि बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही, लेकिन सुकांति तिग्गा और उसकी छोटी बेटी गहरे पानी में फंस गईं। दोनों काफी देर तक पानी में लापता रहीं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मां और बेटी को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि मृतिका सुकांति तिग्गा करीब छह माह की गर्भवती थी। इस वजह से यह हादसा और भी अधिक दर्दनाक बन गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है।

Exit mobile version