CG News : RPF के हेड कांस्टेबल की हत्या, सहकर्मी ने 4 राउंड चलाई गोली

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक हेड कांस्टेबल की उनके ही एक सहकर्मी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. जिसके बाद आरपीएफ चौकी में हड़कंप मच गया है.

दूसरे हेड कॉन्सटेबल ने 4 राउंड चलाई गोली
मृतक प्रधान आरक्षक पीके मिश्रा बीती रात 10 बजे किरोड़ीमल रेलवे लाइन की ड्यूटी पर गया था. ड्यूटी से सुबह करीब 4 बजे वे वापस RPF थाने लौटे. थाने में मौजूद उनके प्रधान आरक्षक कुमार सिंह लदेर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते-देखते विवाद इतना बढ़ा कि कुमार सिंह लदेर ने अपनी सर्विस 9 एमएम पिस्टल निकाली और पी मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायरिंग कर दी.

गोलियां लगते ही पीके मिश्रा मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़े और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई. गोली की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य जवान दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हेड कांस्टेबल केएस लादेर ने किसी अज्ञात मुद्दे पर हुए विवाद के बाद हेड कांस्टेबल पीके मिश्रा पर अपनी सर्विस पिस्टल से कथित तौर पर चार राउंड गोलियां चलाईं. थाना प्रभारी (एसएचओ) कुलदीप कुमार ने बताया कि मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई. उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी पिस्टल जब्त कर ली.

आरोपी हेड कॉन्सटेबल गिरफ्तार
घटना के तुरंत सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद भी RPF पोस्ट में पहुंचे. फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है और घटना की जांच कर रही है. घटनास्थल पर मृतक के परिजन भी पहुंचे हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. घटना की जांच जारी है.

Exit mobile version