दुर्ग में JEE Mains परीक्षा में नकल की कोशिश नाकाम, चप्पल में मोबाइल छिपाकर लाया ‘मुन्नाभाई’ गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित जेईई मेंस परीक्षा के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र में एक परीक्षार्थी ने चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर नकल करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क सुरक्षा कर्मियों की नजर से वह बच नहीं सका।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे से जेईई मेंस की पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई थी। आरोपी छात्र आदित्य परीक्षा देने केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर जांच के दौरान उसने चालाकी दिखाते हुए पहले ही अपनी चप्पलें उतार दीं, ताकि मेटल डिटेक्टर से बच सके। इसके बाद वह परीक्षा हॉल में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया।

परीक्षा के दौरान सुबह करीब 11:08 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और करीब 20 मिनट बाद वापस लौटा। इस दौरान सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने दोबारा जांच की, लेकिन इस बार भी छात्र ने पहले की तरह चप्पलें उतारकर खुद को बचाने की कोशिश की। हालांकि, जब वह चप्पल पहनकर लैब की ओर बढ़ा तो उसकी चाल संदिग्ध लगी। वह चप्पलों को घसीटते हुए अजीब तरीके से चल रहा था। गार्ड को शक हुआ और उसने तुरंत छात्र को रोककर चप्पलों की बारीकी से जांच की।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल फोन छिपाया गया था। मोबाइल पूरी तरह अंदर फिट किया गया था, जिससे बाहर से कुछ नजर नहीं आ रहा था। घटना की जानकारी तुरंत केंद्र के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version