रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में सड़क हादसों में कमी लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए प्रभावी प्रयासों की सराहना करते हुए उसे पूरे प्रदेश में लागू करने की मंशा जताई।
बैठक में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सड़कों के गड्ढों की पहचान कर उनकी मरम्मत तथा खुले जल निकायों की घेराबंदी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बनने वाले ब्लैक स्पॉट्स के सुधार पर विशेष जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राष्ट्रीय और राज्यीय मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधार कार्य कराने तथा नए ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर सड़क निर्माण बजट में उनके लिए अलग प्रावधान करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। इस प्रस्ताव पर परिषद अध्यक्ष केदार कश्यप ने भी सहमति जताई।
सड़क सुरक्षा एजेंसी को किया जाएगा और मजबूत
बैठक में मध्यप्रदेश की तर्ज पर अंतरविभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने के लिए उसके पुनर्गठन और सेटअप में सुधार के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों और गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान
विधायक अनुज शर्मा ने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं और उनके अंक विद्यार्थियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट में शामिल किए जाएं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
पीएम राहत और राहवीर योजना का होगा व्यापक प्रचार
बैठक में फरवरी 2026 से लागू प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अधिकतम सात दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ‘राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना’ के तहत गोल्डन आवर में घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर पीएम राहत एवं राहवीर योजना से संबंधित जन जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
बैठक में राज्य में संचालित यात्री वाहनों के चालकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। परिवहन सचिव एस. प्रकाश और अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने राज्य की सड़क सुरक्षा स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी।