कांकेर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा का निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक माह पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। प्रारंभिक उपचार रायपुर में कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

भरत मटियारा भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे। वे दो बार कांकेर भाजपा जिला अध्यक्ष रहे और दूसरी बार छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता के कारण वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे।
उनके निधन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कांकेर समेत पूरे बस्तर संभाग में शोक का माहौल है।