छत्तीसगढ़ : युवाओं के लिए जरूरी खबर, साल 2026 में हजारों सरकारी पदों पर होगी भर्ती, जानिए डिटेल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए साल 2026 बहुत ही खास रहने वाला है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए व्यापमं ने वर्ष 2026 का विस्तृत परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें कई हजारों पदों पर भर्ती का ब्यौरा दिया गया है।

रायपुर में जारी इस कैलेंडर के अनुसार शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, तकनीकी और अन्य सरकारी विभागों में अलग-अलग चरणों में भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष की सबसे बड़ी भर्ती शिक्षा विभाग में होने जा रही है। प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए सरकार ने अक्टूबर 2025 में 5000 नए शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी, जिसे वित्त विभाग से मंजूरी भी मिल चुकी है। अब इस भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इन भर्तियों में स्थानीय युवाओं को ही अवसर मिलेगा।

व्यापमं कैलेंडर के अनुसार एक फरवरी 2026 को राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (CG TET) आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए अहम मानी जा रही है। टीईटी के परिणाम आने के बाद मुख्य शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके जरिए करीब 5000 पदों पर नियुक्तियां होंगी।

वर्ष 2026 की शुरुआत जनवरी माह से ही तकनीकी भर्तियों के साथ होगी। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल में 11 जनवरी 2026 को रसायनज्ञ पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। फरवरी में 8 फरवरी को एनआरडीए में उप अभियंता (सिविल) के पदों पर भर्ती परीक्षा होगी। मार्च का महीना मुद्रण और जल संसाधन विभाग के लिए खास रहेगा। एक मार्च 2026 को मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग में डीटीपी ऑपरेटर और अन्य समूह-3 पदों की परीक्षा होगी। इसके बाद 8 मार्च को इसी विभाग में मेकेनिक कम इलेक्ट्रिशियन और अन्य तकनीकी पदों (समूह-2) के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी।

जल संसाधन विभाग में सहायक मानचित्रकार (सिविल) की परीक्षा 15 मार्च को होगी, जबकि 22 मार्च 2026 को पर्यावरण संरक्षण मंडल में प्रयोगशाला सहायक ग्रेड-2 की परीक्षा ली जाएगी। अप्रैल से जून के बीच पुलिस, स्वास्थ्य और न्यायालय से जुड़ी भर्तियों पर फोकस रहेगा। 12 अप्रैल 2026 को स्वास्थ्य संचालनालय के अंतर्गत फार्मासिस्ट ग्रेड-2 की परीक्षा आयोजित होगी। 19 अप्रैल को परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक के पदों के लिए परीक्षा होगी। 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड में उप निरीक्षक की भर्ती परीक्षा रखी गई है।

मई और जून में प्रवेश परीक्षाओं के साथ कुछ अहम भर्तियां होंगी। 28 जून 2026 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसका अभ्यर्थियों को लंबे समय से इंतजार था। साल के दूसरे हिस्से में गृह विभाग और संयुक्त भर्तियों की तैयारी रहेगी। 5 जुलाई 2026 को सहकारिता विभाग में उप अंकेक्षक की परीक्षा होगी। 12 जुलाई को गृह (पुलिस) विभाग में सहायक उप निरीक्षक (एम) की परीक्षा ली जाएगी।

19 जुलाई को नगर सेना में फायरमैन पदों के लिए भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। उच्च शिक्षा में करियर बनाने वालों के लिए 4 अक्टूबर 2026 को राज्य पात्रता परीक्षा (SET) आयोजित की जाएगी। साल का अंत बंपर लिपिकीय भर्तियों के साथ होगा। दिसंबर माह में संयुक्त भर्ती परीक्षाएं होंगी। 13 दिसंबर 2026 को स्टेनोग्राफर की परीक्षा और 30 दिसंबर 2026 को सहायक ग्रेड-3 की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है।

Exit mobile version