रायपुर। छत्तीसगढ़ के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार की ओर से रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित यह मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होगा।
सरकार के मुताबिक, अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, ऐसे में रिक्त पदों की संख्या बढ़ने की संभावना है। रोजगार मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां भी शामिल होंगी।

10वीं-12वीं से लेकर इंजीनियरिंग और MBA तक के लिए अवसर
रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल वाले अभ्यर्थियों के लिए नौकरियां उपलब्ध रहेंगी। 10वीं और 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक के साथ MBA और MCA सहित स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले युवा भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पदों पर अवसर मिलेंगे।
बैंकिंग से लेकर हेल्थ और डिलीवरी तक कई क्षेत्रों में नौकरी
मेले में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पद भी शामिल हैं। इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पदों पर भी भर्ती होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर, सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड और सुपरवाइजर तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स से जुड़े ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पद भी उपलब्ध रहेंगे।
दूसरे दिन CM साय बांटेंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। सरकार का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

