छत्तीसगढ़ में 8 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती, 7-8 अक्टूबर को रायपुर में लगेगा राज्य स्तरीय रोजगार मेला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस मेले के माध्यम से तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से अधिक पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह आयोजन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से किया जा रहा है। रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को शामिल किया जाएगा, ताकि अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल रखने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर मिलेगी नौकरी

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों के लिए रिक्त पद शामिल किए जाएंगे। विभाग की ओर से प्रदेश के वृहद उद्योगों और निजी संस्थानों को मेले से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इससे युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और अनुभव के आधार पर उपयुक्त नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे पंजीयन

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टल पर रोजगार मेले के लिए पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे पहले से अपनी योग्यता के अनुसार पदों की जानकारी प्राप्त कर लें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बांटेंगे ऑफर लेटर

रोजगार मेले की एक खास बात यह भी होगी कि चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों ऑफर लेटर वितरित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए विभिन्न जिलों से चयनित उम्मीदवारों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

इस पहल से प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ना और प्रदेश में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है।

Exit mobile version