छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में आया कार्डियक अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का सोमवार को कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) के कारण आकस्मिक निधन हो गया। वे बिलासपुर के तिफरा में भाजपा के दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ में शामिल होने पहुंचे थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के तिफरा में सोमवार से भाजपा जिला संगठन की ओर से दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ था। रूपनारायण सिन्हा को इस पूरे प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कार्यक्रम के दौरान ही अचानक उनके सीने में दर्द उठा और तबीयत बिगड़ने लगी। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साय सरकार में प्राप्त था कैबिनेट मंत्री का दर्जा
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन से जुड़े हुए थे। वे क्षेत्र में अपनी सामाजिक और योग से जुड़ी गतिविधियों के लिए काफी सक्रिय माने जाते थे। उनकी इसी कर्मठता को देखते हुए विष्णुदेव साय सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था।

राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
इस दुखद खबर के सामने आते ही भाजपा संगठन और प्रदेश के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल सहित भाजपा के कई दिग्गज जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। आज इस कार्यक्रम का दूसरा दिन था, लेकिन इस दुखद घटना के बाद पूरे शिविर में सन्नाटा पसर गया है।

तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे संगठन और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

Exit mobile version