ऑस्ट्रेलिया में गूँजा छत्तीसगढ़ी राजकीय गीत: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सेवाभावी महिलाओं का ‘मोहर’ पहनाकर सम्मान

सिडनी/भिलाई | 08 मार्च, 2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के गौरवमयी अवसर पर रूपाली महतारी गुड़ी बहुउद्देशीय संस्था द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की संरक्षिका अंजू देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का आगाज छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ से हुआ।

तिलक और पारंपरिक गहनों से अभिनंदन

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं के तिलक अभिनंदन और आरती से की गई। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम, गौ-सेवा, बाल-सेवा और निर्धन कन्या विवाह जैसे विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। अंजू देवांगन ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक गहने ‘मोहर’ भेंट कर इन महिलाओं का मान बढ़ाया।

सेवा का संकल्प और आभार

संबोधन के दौरान अंजू देवांगन ने कहा, “समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है। विदेश में रहकर भी अपनी जड़ों, अपने देश और राज्य की सेवा करना गर्व की बात है। हमारे ये छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़ी मदद बनकर उभरेंगे।” उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं को समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प भी दिलाया।

ये महिलाएं हुईं सम्मानित

उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित होने वाली महिलाओं में सिरीशा, कोकिल, शैली, प्रीति, कल्याणी, शीतल, शैलिनी और नमिशा शामिल रहीं। इन सभी ने इस सम्मान पर गर्व व्यक्त किया और देश व प्रदेश की समस्त महिलाओं को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version