CGPSC Mains: मुख्यमंत्री साय का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों की मांग पर बढ़ी मुख्य परीक्षा की तारीख; युवाओं ने जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के हजारों पीएससी अभ्यर्थियों के हित में एक बड़ा और संवेदनशील निर्णय लिया है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे युवाओं की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी है। इस फैसले के बाद अब अभ्यर्थियों को मेंस की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने दिखाई संवेदनशीलता

बता दें कि प्रारंभिक (Prelims) और मुख्य परीक्षा (Mains) के बीच इस बार समय काफी कम मिल रहा था। अभ्यर्थियों की इस व्यावहारिक कठिनाई को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक और विधायक दल के स्थायी सचिव आशुतोष सुरेंद्र दुबे ने विधानसभा में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री साय ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल परीक्षा आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

तैयारी के लिए मिलेगा पर्याप्त समय

आमतौर पर पीएससी प्री और मेंस के बीच 105 से 110 दिनों का अंतराल दिया जाता है, लेकिन इस वर्ष यह समय कम था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति प्रतिबद्ध है और उन्हें निष्पक्ष व अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर देना हमारी प्राथमिकता है। इस निर्णय से प्रदेश भर के अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी की लहर है।

Exit mobile version