नेशनल डेस्क। आज से फरवरी महीने की धमाकेदार शुरुआत हो रही है। पहली बार रविवार के दिन बजट पेश हो रहा है। इसके अलावा आज यानी 1 फरवरी 2026 से कई सारे बड़े बदलाव भी हो रहे हैं जिसका सीधा असर आम आदमी पड़ने वाला है। आज से हो रहे बदलवा का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ने वाला है जो तंबाकू का सेवन करते हैं, सिगरेट पीते हैं।

1 फरवरी से बड़े बदलाव
1 फरवरी से तंबाकू उत्पादों की कीमतों से लेकर गैस सिलेंडर, फास्टैग और ब्याज दरों तक, कई मोर्चों पर नई व्यवस्था लागू हुई है। आज से कई सारे बदलाव लागू हो रहे हैं जिनमें से कुछ की शुरुआत भी हो गई है, जैसे- कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। आइए जानते हैं आज से हो रहे 6 बड़े बदलावों के बारे में…
तंबाकू उत्पादों पर टैक्स बढ़ा, सिगरेट हुई महंगी
1 फरवरी से सिगरेट, पान मसाला, गुटखा और खैनी जैसे तंबाकू उत्पादों पर टैक्स का ढांचा बदल दिया गया है। अब इन पर सीधे 40 प्रतिशत जीएसटी लगाया जा रहा है और पहले लगने वाला सेस हटा दिया गया है। इसके अलावा सिगरेट पर लंबाई के हिसाब से नई एक्साइज ड्यूटी भी तय की गई है। इस बदलाव का असर बाजार कीमतों पर साफ नजर आएगा और सिगरेट के दाम 15 से 40 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। हालांकि, बीड़ी पीने वालों को राहत देते हुए जीएसटी की दर घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है।
नई गाड़ियों के लिए फास्टैग लेना हुआ आसान
अब नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय KYV यानी ‘नो योर व्हीकल’ वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी। NHAI के इस फैसले से वाहन मालिकों को लंबी जांच प्रक्रिया से राहत मिलेगी। जिन वाहनों पर पहले से फास्टैग लगा है, उनके लिए भी नियमित KYV अनिवार्य नहीं रहेगा।
शिकायत होने पर ही होगा KYV वेरिफिकेशन
हालांकि KYV प्रक्रिया को पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है। अब यह केवल जरूरत पड़ने पर लागू होगी। यदि फास्टैग के गलत इस्तेमाल, गलत तरीके से जारी होने या किसी तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत आती है, तभी वाहन मालिक से दस्तावेज मांगे जाएंगे।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े
आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है। अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत करीब 50 रुपये तक बढ़ गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर पहले से ज्यादा महंगा हो गया है, जबकि चेन्नई जैसे शहरों में भी इसके दाम बढ़ाए गए हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ सकती है।
RBI की बैठक पर टिकी निगाहें, EMI हो सकती है कम
रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 4 से 6 फरवरी के बीच होगी। माना जा रहा है कि इसमें रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI कम होने की उम्मीद है, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।
हवाई ईंधन सस्ता, टिकटों में मिल सकती है राहत
तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में कटौती की है। इससे एयरलाइंस की ऑपरेशनल लागत घटेगी और आने वाले दिनों में हवाई टिकटों के दाम कम होने की संभावना बन सकती है। खासकर फरवरी में यात्रा करने वालों को इसका फायदा मिल सकता है।
संपत्ति रजिस्ट्री में आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1 फरवरी 2026 से संपत्ति की खरीद-बिक्री के लिए आधार आधारित पहचान जरूरी कर दी गई है। रजिस्ट्री के समय खरीदार, विक्रेता और गवाहों को बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। सरकार का मकसद जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और बेनामी लेनदेन पर रोक लगाना है। आगे चलकर इस व्यवस्था को पूरे देश में लागू किया जा सकता है।