नायक फिल्म की तरह एक्शन में CM भूपेश: दो दिन में दो अफसरों पर गिरी गाज…सिंचाई काम में लापरवाही बरतने वाले EE को मौके पर किया सस्पेंड

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बलरामपुर जिले के रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के सनावल में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जनता की शिकायत पर कन्हर अंतर्राज्यीय परियोजना के अंतर्गत भू-अर्जन प्रकरणों के त्वरित निराकरण में लापरवाही बरतने के कारण कार्यपालन अभियंता कार्यालय अधीक्षण अभियंता श्याम बरनई परियोजना मण्डल अम्बिकापुर उमाशंकर राम को निलंबित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के हितों की रक्षा सर्वोपरि है, इस कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नही की जाएगी। निलंबित अवधि में उमा शंकर राम का मुख्यालय कार्यालय मुख्य अभियंता मिनीमाता हसदेव (बांगो) परियोजना बिलासपुर निर्धारित किया गया है।

गरीबों के लिए छोटी-छोटी बातें काफी मायने रखती हैं। एक लापरवाही गरीब परिवार के लिए भारी पड़ती है। राशनकार्ड नही बनने के कारण एक महिला दो साल से नगद में राशन खरीद रही थी।

उसकी यह समस्या समीक्षा के दौरान संज्ञान में क्यों नहीं ली गई। राज्य सरकार की विकास की अवधारणा के केन्द्र में सबसे गरीब व्यक्ति है।

उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ मिले। उक्त बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज सुबह राजपुर में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के अधिकारियों की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा के दौरान कहीं। उन्होंने अच्छे कार्यो के लिए अधिकारियों की सराहना की, वहीं अपने-अपने काम में मुस्तैद रहने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की कार्यकुशलता, व्यवहार और लोगों के साथ उनके संपर्क से शासन की छवि बनती और बिगड़ती है। अच्छा काम करेंगे तो आप प्रशंसा पाएंगे। इससे शासन की भी प्रशंसा होगी।

यदि आप काम नही करेंगे, तो शासन और आप दोनों की आलोचना होगी। मुख्यमंत्री ने 4 मई को कुसमी विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में आम जनता से मिले फीडबैक पर कहा कि आम जनता में सरकार के प्रति दृष्टिकोण बहुत अच्छा रहा।

उन्होंने ग्रामीणों को शासन की जनहितकारी योजनाओं को भी बताया। तहसील कार्यालयों में नामंातरण, बंटवारा, फौती आदि के काम रूटीन में करने के साथ उन्होंने कुसमी थाना के महिला बंदी गृह के शौचालय को ठीक कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ.शिव कुमार डहरिया, संसदीय सचिव श्री चिंतामणि महाराज, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, सहित जिले के अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version