सीएम साय की बड़ी घोषणा, अब राज्य कर्मचारियों को मिलेगा केंद्र के समान भत्ता, 55% से बढ़कर 58% हुआ महंगाई भत्ता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में एक बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देगी।

सीएम साय ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। अब राज्य कर्मचारियों को 55 प्रतिशत के बजाय 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। उन्होंने कर्मचारी संघ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से राज्य का विकास तेज़ी से होगा।

इस घोषणा के बाद अधिवेशन में उपस्थित कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया।

Exit mobile version