खादी पर 25% की छूट के साथ ‘सेल्फी विद खादी’ अभियान का शुभारंभ करेंगे CM विष्णुदेव साय; बुनकरों का होगा सम्मान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय कारीगरों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग में एक भव्य विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम के दौरान 2 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत विशेष छूट की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही आम जनता में खादी के प्रति रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से “सेल्फी विद खादी” अभियान का भी औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

सोलर चरखा-लूम वितरण और नए भवनों का वर्चुअल उद्घाटन

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेन्द्र यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर बुनकरों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ होगी। इस दौरान चरखा प्रदर्शन के साथ-साथ प्रदर्शनी स्थल पर सोलर चरखा एवं लूम का वितरण किया जाएगा।

मंचीय कार्यक्रम के दौरान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के कूंवरगढ़ (जिला रायपुर) स्थित नवनिर्मित भवन तथा अंबिकापुर में बने नए प्रीमियम सेल्स आउटलेट का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा।

बस्तर में बुनाई केंद्र और ‘अमारी सिल्क’ ब्रांड का आगाज

स्थानीय हुनर और स्वरोजगार को गति देने के लिए हाथकरघा प्रभाग द्वारा बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नवीन बुनाई प्रशिक्षण केंद्रों का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं रेशम प्रभाग द्वारा “अमारी सिल्क” ब्रांड और बस्तर संभाग में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन होगा।

उत्कृष्ट बुनकर-कातिन होंगे सम्मानित, मिलेगी अनुदान राशि

समारोह में दो उत्कृष्ट बुनकरों एवं दो उत्कृष्ट कातिनों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के हितग्राहियों को अनुदान राशि और कारीगर प्रशिक्षण योजना के तहत संभाग के प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण वृत्ति का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय भी उपस्थित रहकर विचार व्यक्त करेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी खास आकर्षण

समारोह के दौरान “शांति से विकास” विषय पर विशेष नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

खादी और ग्रामोद्योग के माध्यम से स्थानीय हुनर, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में इस आयोजन को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version