बालोद। छत्तीसगढ़ में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीकला में पहली पत्नी ने अपनी सौतन की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले सो रही महिला पर खाट के लकड़ी के पाये से हमला किया और बाद में उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए गन्ना काटने वाली आरी से गला रेत दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नेवारीकला निवासी मजदूर चिम्मनलाल साहू करीब पांच साल पहले प्रेम संबंध के चलते दयाबाई सोनकर को अपने घर लेकर आया था। इसके बाद से उसकी पहली पत्नी अमृत बाई साहू दोनों के रिश्ते को लेकर नाराज रहती थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे लगता था कि उसका पति दयाबाई को अधिक महत्व और प्रेम देता था तथा घर के अधिकांश फैसले भी उसी के साथ मिलकर लेता था।

छह महीने से बना रही थी हत्या की योजना
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमृत बाई पिछले करीब छह महीने से हत्या की योजना बना रही थी। उसने पहले से ही खाट का लकड़ी का पाया और गन्ना काटने वाली आरी अलग रख ली थी। सोमवार रात करीब 11 बजे, जब घर के सभी लोग सो गए, तब आरोपी ने खाट पर सो रही दयाबाई पर लकड़ी के पाये से गर्दन पर कई वार किए। इसके बाद उसने आरी से गला रेतकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद खेत में बदली साड़ी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी घर से निकलकर खेत पहुंची, जहां उसने खून से सनी साड़ी बदल दी। इसके बाद किसी को शक न हो, इसलिए तड़के करीब साढ़े तीन बजे वापस घर लौट आई।
सुबह परिजनों को मिली जानकारी
मंगलवार तड़के जब परिजनों और ग्रामीणों ने कमरे में देखा तो दयाबाई खाट पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पाया और गन्ना काटने वाली आरी जब्त कर ली गई। घटनास्थल से अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
दोनों महिलाओं के दो-दो बेटे
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमृत बाई और मृतका दयाबाई दोनों के दो-दो बेटे हैं। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग राजनांदगांव से बालोद पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी अमृत बाई साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।